कासगंज में स्वतंत्रता दिवस तैयारियों से लेकर दिव्यांग छात्राओं व मत्स्य योजनाओं तक बड़े फैसले
कासगंज में स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राइसाइकिल और मत्स्य योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
कासगंज कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान की बैठक आयोजित
कासगंज में स्वतंत्रता दिवस-2026, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तैयारियां शासन की मंशा के अनुरूप समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि 09 से 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक घर, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थान, शिक्षण संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम और देश विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले लोगों की स्मृति में संगोष्ठी, निबंध, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना और आने वाली पीढ़ी व युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। जिलाधिकारी ने डी0सी0 एन0आर0एल0एम0 और परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देश दिए कि तिरंगा निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत समय से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने बताया कि सभी कार्यक्रमों का जिला सूचना अधिकारी द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रातः 8 बजे सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों तथा प्रातः 10 बजे सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ध्वजारोहण किया जाए। इस अवसर पर 150वीं जयंती वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन आयोजित किया जाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा राष्ट्रभक्ति आधारित प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया जाए तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि भौतिक रूप से तिरंगा फहराते हुए वंदे मातरम का गायन किया जाएगा। डिजिटल सेलिब्रेशन के अंतर्गत तिरंगे के साथ सेल्फी और वंदे मातरम गायन को हर घर तिरंगा वेबसाइट www.harghartirange.com पर सेल्फी लेते हुए अपलोड किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मंजूर अहमद अंशारी, समस्त उप जिलाधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि निदेशालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्कूल जाने वाली एवं शिक्षण/प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने हेतु अनुदान नियमावली-2026 लागू की गई है।
योजना के अंतर्गत जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 ई-ट्राइसाइकिल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य ऐसी दिव्यांग छात्राओं को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्हें विद्यालय, महाविद्यालय, प्रशिक्षण संस्थान, लाइब्रेरी, लैब अथवा छात्रावास आने-जाने में कठिनाई होती है। योजना के तहत प्रति ई-ट्राइसाइकिल अधिकतम 65 हजार रुपये तक का अनुदान अनुमन्य होगा।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदिका की दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य होनी चाहिए, कमर के ऊपर का भाग स्वस्थ होना चाहिए तथा वह अपने हाथों से ई-ट्राइसाइकिल संचालित करने में सक्षम हो। दिव्यांगता मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित होनी चाहिए। आवेदिका की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक हो तथा वह आयकरदाता न हो। साथ ही पिछले पांच वर्षों में किसी अन्य सरकारी योजना से ई-ट्राइसाइकिल का लाभ प्राप्त न किया हो।
पात्र छात्राएं विभागीय पोर्टल https://hwd.uphq.in पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-13, विकास भवन, सोरों रोड, प्रहलादपुर, कासगंज में जमा कर सकती हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण, कासगंज ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित विभिन्न राज्य सेक्टर योजनाओं के लिए विभागीय पोर्टल fisheries.up.gov.in को 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन के लिए खोला गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना, खारे पानी में तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, विशिष्ट प्रकार की मत्स्य बीज हैचरी स्थापना, प्रदेश में मोती संवर्धन इकाई निर्माण, मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स तथा श्रेणी-1, 2 एवं 3 के जलाशयों में केज स्थापना योजना के लिए इच्छुक लाभार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजनाओं की इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख एवं विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं। पूर्व वर्षों में निरस्त अथवा प्रतीक्षारत आवेदक भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में संशोधन होने पर संशोधित प्रावधान ही प्रभावी होंगे।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से कहा कि अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय, मत्स्य पालक विकास अभिकरण, विकास भवन, कासगंज से संपर्क किया जा सकता है।