एटा में दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना (National Scholarship Scheme) शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल www.scholarships.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए निर्धारित समय-सारिणी जारी कर दी गई है।

प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है। छात्र आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। त्रुटिपूर्ण आवेदन सत्यापन एवं संस्थान सत्यापन की अंतिम तिथि 15 सितम्बर 2026 तक तथा DNO/SNO/MNO सत्यापन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है।

पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए भी आवेदन 25 जुलाई 2026 से शुरू किए गए हैं। इसके लिए छात्र आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है। त्रुटिपूर्ण आवेदन सत्यापन एवं संस्थान सत्यापन 15 नवम्बर 2026 तक तथा DNO/SNO/MNO सत्यापन 30 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा।

टॉप क्लास छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 01 जून 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है। इस योजना में छात्र आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। त्रुटिपूर्ण आवेदन सत्यापन एवं संस्थान सत्यापन 15 नवम्बर 2026 तक तथा DNO/SNO/MNO सत्यापन 30 नवम्बर 2026 तक पूरा किया जाएगा।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रोहित कुमार ने जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कराएं, जिससे अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

Tags: