कन्नौज में अतिवृष्टि: मंत्री असीम अरुण ने प्रभावित गांवों का किया दौरा
आंटी और दादौरा खुर्द में नुकसान का सर्वे शुरू, प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ।
तस्वीर में जिला प्रशासन Kannauj के राहत कैंप में उपस्थित डॉक्टर और स्थानीय लोग दिख रहे हैं।
कन्नौज में हाल ही में हुई अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में मंगलवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने स्थलीय निरीक्षण एवं भ्रमण किया। उन्होंने प्रभावित गांवों आंटी एवं दादौरा खुर्द पहुंचकर हालात का जायजा लिया और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री असीम अरुण ने नागरिकों से अपील की कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान की शिकायत जिला कमांड सेंटर के टोल फ्री नंबर 1077 पर दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक राहत केंद्र पर राजस्व, स्वास्थ्य (Health), पशुपालन (Veterinary) और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं। क्षेत्र में जनप्रतिनिधि स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करा रहे हैं।
अतिवृष्टि के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त या टूटे हैं, फसलों, मवेशियों आदि का नुकसान हुआ है, उनका तत्काल सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर प्रभावित लोगों को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र व्यक्तियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी चिह्नित किया जा रहा है।
मंत्री असीम अरुण ने बताया कि राहत एवं निरीक्षण की यह व्यवस्था आगामी दो दिनों तक निरंतर जारी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि और व्यवस्था को आगे भी बढ़ाया जाएगा। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत, सर्वे और सहायता की प्रक्रिया जारी रहने से नुकसान झेल रहे लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने की कार्रवाई तेज की जा रही है।