उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उपैड़ा में शनिवार रात रास्ते में बैठकर शराब पीने और गाली-गलौज करने का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद मारपीट, पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उपैड़ा में कुछ लोग रास्ते पर बैठकर शराब पी रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट और पथराव शुरू हो गया। विवाद के दौरान एक-दूसरे को जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई।

अचानक हुई फायरिंग और पथराव से गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित लोगों ने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लीं। घटना का असर बाजार और गलियों में भी दिखाई दिया। दहशत के बीच दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान छोड़कर शटर गिराने लगे और सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस की कई टीमें भारी संख्या में मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के चार मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया। हिंसक झड़प में घायल हुए दो लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल पर पथराव और भगदड़ के बाद सड़क पर चप्पलें तथा ईंट-पत्थरों के टुकड़े बिखरे मिले। पुलिस ने इन वस्तुओं को साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रास्ते में शराब पीने और गाली-गलौज के विरोध से शुरू हुआ विवाद फायरिंग और पथराव तक पहुंच गया, जिसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।