हापुड़ में पेट्रोल पंप पर 7 साल के बेटे को भूल ससुराल पहुंचा पिता, पुलिस ने सकुशल खोजा
पिता अनजाने में बेटे को मेरठ रोड स्थित पेट्रोल पंप पर छोड़कर ससुराल चले गए थे, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चे को सुरक्षित खोज निकाला।
मानेसर में पुलिसकर्मियों और परिजनों के साथ सुरक्षित मिले दो लापता बच्चे खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।
हापुड़ के मेरठ रोड स्थित असौड़ा के पास एक पेट्रोल पंप पर पिता की छोटी सी लापरवाही के चलते सात वर्षीय मासूम हमजा अपने परिवार से बिछड़ गया। पिता स्कूटी में पेट्रोल डलवाने के बाद अनजाने में बेटे को पेट्रोल पंप पर ही छोड़कर ससुराल पहुंच गए। घर पहुंचने पर जब पत्नी ने बेटे के बारे में पूछा तो उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर साइलो प्रथम चौकी इंचार्ज रमन देशवाल ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ तलाश अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, हमजा के पिता शादाब अपने सात वर्षीय बेटे को स्कूटी पर बैठाकर मेरठ रोड स्थित असौड़ा के पास एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। पेट्रोल पंप पर पहुंचने के बाद हमजा स्कूटी से नीचे उतर गया। इसी दौरान स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के बाद शादाब अनजाने में बेटे को वहीं छोड़कर अपनी ससुराल असौड़ा पहुंच गए। उन्हें इस बात का एहसास तक नहीं हुआ कि उनका बेटा पेट्रोल पंप पर ही रह गया है।
ससुराल पहुंचने पर जब पत्नी ने शादाब से पूछा कि हमजा कहां है, तब उन्हें अपनी बड़ी भूल का पता चला। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। बेटे के लापता होने से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शादाब तत्काल पेट्रोल पंप पहुंचे और आसपास बेटे की तलाश शुरू कर दी, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने साइलो प्रथम चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज रमन देशवाल को पूरी घटना की जानकारी दी।
एक ओर क्षेत्र में आवास विकास के पास कार पर हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करना पुलिस के सामने चुनौती बना हुआ था, वहीं दूसरी ओर मासूम के लापता होने से उसका परिवार बेहद परेशान था। परिवार की स्थिति को समझते हुए चौकी इंचार्ज रमन देशवाल ने परिजनों को ढांढस बंधाया और बिना देरी किए पुलिस टीम के साथ बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने सबसे पहले पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में हमजा पेट्रोल पंप से निकलकर मूर्ति की दिशा में जाता दिखाई दिया। इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने उस दिशा में सघन तलाश अभियान चलाया। पुलिस की तत्परता से कुछ ही समय में सात वर्षीय हमजा को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बेटे को सही-सलामत देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। परिवार ने बच्चे की सकुशल बरामदगी पर पुलिस टीम और चौकी इंचार्ज रमन देशवाल का आभार व्यक्त किया। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते परिवार को कुछ ही समय में उनका लापता बच्चा वापस मिल गया।