हापुड़ के हाफिजपुर और कपूरपुर थाना परिसर में पुलिसकर्मियों की हिरासत में चेहरे पर मास्क लगाए दो आरोपी खड़े दिख रहे हैं।

हापुड़ में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन तलाश' के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। थाना हाफिजपुर और थाना कपूरपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दोनों आरोपियों को उनके घरों से दबोचा। पुलिस अब दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।

जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए हापुड़ पुलिस विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना हाफिजपुर पुलिस ने ग्राम हरसिंहपुर निवासी संजू पुत्र रमेश को गिरफ्तार किया। संजू वाद संख्या 4680/22 और धारा 60 आबकारी अधिनियम के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार किया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में थाना कपूरपुर पुलिस ने ग्राम सपनावत निवासी जयकिशन पुत्र प्रमोद को उसके आवास से गिरफ्तार किया। जयकिशन के विरुद्ध वाद संख्या 5504/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(2) और 352 में मामला दर्ज था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों वारंटियों के खिलाफ आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 'ऑपरेशन तलाश' के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags: