धौलाना के देहरा गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीणों की जांच करती दिख रही है।

हापुड़ के धौलाना क्षेत्र स्थित देहरा गांव में बुखार के बढ़ते मामलों और लगातार हो रही मौतों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया। मंगलवार को 30 वर्षीय गुलफाम की मौत के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम गांव पहुंची और 110 ग्रामीणों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौलाना के प्रभारी डॉ. रोहित मनोहर के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने गांव में शिविर लगाया। टीम में डॉ. यूसुफ, डॉ. आरिफ और लैब टेक्नीशियन राजेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान कुल 110 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मलेरिया और डेंगू समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की जांच की गई। चिकित्सकों ने बुखार से पीड़ित मरीजों की स्थिति का जायजा लिया और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श के साथ दवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने और घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की हिदायत भी दी।

वहीं, गांव में बुखार के प्रकोप के साथ बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की गलियों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और नालियों का गंदा व बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है। उनका कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बुखार और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा गंभीर होता जा रहा है।

गुलफाम की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांव में शिविर लगाकर जांच और उपचार की व्यवस्था की गई है, लेकिन ग्रामीणों की चिंता केवल बीमारियों तक सीमित नहीं है। गांव में गंदगी और जलभराव की समस्या भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को लेकर चिंता का प्रमुख विषय बनी हुई है।

Tags: