हापुड़ में बाग के पास पुलिसकर्मियों के साथ खड़े तीन आरोपी और बरामद सामान।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और गोकश बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम पावटी के एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घेराबंदी के बाद पुलिस ने कुल छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से होंडा सिटी कार, मोटरसाइकिल, अवैध हथियार, जिंदा व खोखा कारतूस तथा पशु कटान के उपकरण बरामद किए गए। मौके से एक जीवित प्रतिबंधित पशु को भी बरामद कर कटान से बचाया गया।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देशन में थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस सोमवार सुबह क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश ग्राम पावटी के एक आम के बाग में प्रतिबंधित पशु के कटान की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाग की घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

घायल बदमाशों में नईम पुत्र मोबीन निवासी आवास विकास कॉलोनी, बुलंदशहर रोड, थाना हापुड़ नगर, हापुड़; जमील पुत्र अलीहसन निवासी मकबरा डिग्गी, बजरिया के सामने वाली गली, थाना देहली गेट, मेरठ और बिलाल पुत्र वरीश निवासी मोहल्ला जाकिर कॉलोनी, कस्बा व थाना मसूरी, गाजियाबाद शामिल हैं। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से मोहम्मद परवेज पुत्र रफीकुद्दीन निवासी मोहल्ला लखीपुरा, थाना लिसाड़ीगेट, मेरठ; सोनू पुत्र सतवीर निवासी अठसैनी, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और आहत पुत्र वरीश निवासी जाकिर कॉलोनी, कस्बा व थाना मसूरी, गाजियाबाद को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ विभिन्न जनपदों में गोकशी, हत्या का प्रयास (307), चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों के करीब 4 दर्जन यानी 48 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक इतिहास और गिरोह के बाकी सदस्यों की जानकारी खंगाल रही है।

पुलिस और सीओ गढ़मुक्तेश्वर/नगर के मुताबिक घटनास्थल से 01 जीवित प्रतिबंधित पशु, 03 अवैध असलहे (तमंचे), भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस, 01 होंडा सिटी कार और 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों वाहन घटना में प्रयुक्त किए गए थे। इसके अलावा पशु कटान के भारी उपकरण, जिनमें कुल्हाड़ी और छुरियां आदि शामिल हैं, भी मौके से बरामद हुए।

पुलिस ने मुठभेड़ में घायल तीनों बदमाशों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। सभी छह आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

Tags: