हापुड़ में PET परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, ASP ने ड्यूटी में लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
हापुड़ में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को होने वाली PET परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। ASP ने रिजर्व पुलिस लाइन में ब्रीफिंग कर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, परीक्षार्थियों की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए कड़े निर्देश दिए।
हापुड़ पुलिस लाइन में पीईटी परीक्षा की पारदर्शी एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते अपर पुलिस अधीक्षक और उपस्थित बल।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में आगामी 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली पीईटी (PET) परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इसी क्रम में जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) ने रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की। इसमें परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाने वाले सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बुलाया गया। बैठक के दौरान उन्हें ड्यूटी से संबंधित जिम्मेदारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले परीक्षार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और परीक्षा की शुचिता बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने और परीक्षा केंद्रों के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी गई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।