हापुड़ में पत्रकार नसीम अहमद हत्याकांड: पत्रकारों ने ज्ञापन सौंपकर की 5 करोड़ मुआवजे की मांग
दैनिक जनवाणी के पत्रकार की हत्या के विरोध में ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
हापुड़ कलेक्ट्रेट में दैनिक जनवाणी के पत्रकार नसीम अहमद की हत्या के विरोध में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दैनिक जनवाणी के पत्रकार नसीम अहमद की बेरहमी से हुई हत्या के मामले में ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन की हापुड़ इकाई ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट को सौंपकर हत्याकांड के शेष आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है। एसोसिएशन ने घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताते हुए जिले के पत्रकारों में व्याप्त आक्रोश जाहिर किया और चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर पत्रकार बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में दिए गए विवरण के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को दैनिक जनवाणी के पत्रकार नसीम अहमद अपनी टीम के सदस्यों सलाउद्दीन, मुस्तकीम, मोनिका और शहाना के साथ थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के जरौठी रोड स्थित गिरधारी नगर पीर के पास अशोक कुमार गुप्ता के यहां दशहरे के विज्ञापन के सिलसिले में गए थे।
आरोप है कि वहां मिल मालिक अशोक कुमार गुप्ता पुत्र मूलचंद गुप्ता, उनके पुत्र कपिल पुत्र रामअवतार निवासी इंद्रलोक कॉलोनी, नरेश कुमार पुत्र सुरेश चंद्र गर्ग निवासी सर्वोदय कॉलोनी और चार से पांच अज्ञात व्यक्तियों ने एकराय होकर पत्रकार नसीम अहमद के साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद नसीम अहमद की मौके पर तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें पास के सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन (रजि.), हापुड़ इकाई ने प्रशासन के सामने आठ प्रमुख मांगें रखी हैं। संगठन ने मांग की है कि हत्याकांड के सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामले की सुनवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
एसोसिएशन ने नसीम अहमद के साथ गईं सहायक महिला पत्रकार मोनिका और शहाना की तहरीर पर छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास का अलग मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की है। संगठन का कहना है कि पीड़ित पत्रकार के परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से पांच करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।
ज्ञापन में मृतक पत्रकार की बेटी की शादी का मामला भी उठाया गया है। एसोसिएशन के अनुसार, उनकी बेटी की शादी एक माह बाद तय है। संगठन ने मांग की है कि शादी का संपूर्ण खर्च प्रशासन वहन करे और परिवार के एक सदस्य को उसकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
घटना से जुड़े साक्ष्यों को लेकर एसोसिएशन ने घटनास्थल और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग पत्रकारों को उपलब्ध कराने की मांग की है। संगठन ने पत्रकार नसीम खान (अहमद) की हत्या में लिप्त आरोपियों के खिलाफ और उनके उस ऑफिस व गोदाम पर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की है।
इसके अलावा, दिवंगत पत्रकार नसीम खान के सम्मान में हापुड़ नगर पालिका क्षेत्र की किसी सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की गई है। संगठन ने इन मांगों को न्याय और पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने से जुड़ा बताते हुए प्रशासन से तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इस जघन्य हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो जनपद के सभी पत्रकार और विभिन्न संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ऐसे में अब मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी, कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।