हापुड़ में डेयरी पर छापा, 90 किलो घी और पनीर सीज
त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हापुड़ के नान गांव में औचक निरीक्षण कर मिलावट के संदेह में भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य पदार्थ सीज किए।
हापुड़ के नान गांव स्थित डेयरी में मिलावट की जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। त्योहारों के मद्देनजर मिलावट की आशंका के बीच हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी पर औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य पदार्थ सीज किए। कार्रवाई के दौरान करीब 90 किलोग्राम घी, 38 किलोग्राम पनीर और लगभग 15 किलोग्राम खोया कब्जे में लिया गया। डेयरी परिसर में गंदगी और खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में लापरवाही मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस भी जारी किया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी हापुड़ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चन्द्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में विभागीय टीम ने थाना हाफिजपुर क्षेत्र के ग्राम नान में स्थित दिनेश कुमार शर्मा की डेयरी का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर से तीन प्लास्टिक के कंटेनरों में रखा लगभग 90 किलोग्राम घी, डीप फ्रीजर में भंडारित 38 किलोग्राम पनीर और करीब 15 किलोग्राम खोया मिला। मिलावट के संदेह में टीम ने इन खाद्य पदार्थों को कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान डेयरी परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में लापरवाही बरती जा रही थी। निर्माण क्षेत्र में सफाई की स्थिति खराब थी और वहां भारी मात्रा में निष्प्रयोज्य कबाड़ तथा अनुपयोगी सामान फैला हुआ था। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन और गंदगी मिलने पर विभाग की ओर से डेयरी संचालक को सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि मिलावट की आशंका के चलते घी, पनीर और खोया के एक-एक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर डेयरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ डेयरी परिसर की स्वच्छता और लाइसेंस संबंधी नियमों के पालन की भी जांच की गई है।