भूख का बहाना, 200 रुपये के नोट पर नशीला पदार्थ; हापुड़ में महिला से 20 लाख की ठगी
हापुड़ में भूख का बहाना बनाकर दो युवकों ने महिला को कथित तौर पर सम्मोहित किया और 20 लाख के जेवर व 50 हजार की नगदी ठग ली।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में सम्मोहन और नशीले पदार्थ के इस्तेमाल के जरिए ठगी का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा और रफ़ीकनगर में दो शातिर ठगों ने कथित तौर पर एक महिला को अपनी बातों में फंसाकर उसके घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नगदी हासिल कर ली। आरोपियों ने असली आभूषणों के बदले अखबार में पत्थर लपेटकर महिला को थमा दिए।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रफ़ीकनगर निवासी नाजरीन शनिवार शाम बाजार से घरेलू सामान की खरीदारी कर वापस लौट रही थीं। मजीदपुरा के पास सड़क किनारे खड़े दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को बेहद भूखा बताते हुए मदद की गुहार लगाई और खाना खिलाने का अनुरोध किया। महिला ने दया दिखाते हुए अपने बैग से 200 रुपये का नोट निकालकर उन्हें दे दिया।
आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने सोची-समझी साजिश के तहत महिला को अपनी बातों में उलझाए रखा। इसी दौरान एक युवक ने महिला से 200 रुपये का नोट लिया और उस पर चुपके से कोई नशीला या सम्मोहक पदार्थ लगा दिया। इसके बाद उसने नोट महिला को वापस करते हुए कहा कि वे पैसे नहीं लेंगे, बल्कि उन्हें घर का बना खाना खाना है।
जैसे ही नाजरीन ने वह नोट दोबारा अपने हाथ में लिया, वह नशीले पदार्थ के असर में आ गईं और उनका खुद पर मानसिक नियंत्रण कमजोर पड़ गया। इसके बाद दोनों ठग महिला को अपने प्रभाव में लेकर मोहल्ला रफ़ीकनगर स्थित उनके घर के बाहर तक पहुंच गए। आरोप है कि वहां उन्होंने महिला को सम्मोहित कर घर के अंदर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नगदी मंगवा ली। इसके बाद असली आभूषणों के बदले अखबार में पत्थर लपेटकर उन्हें सौंप दिया।
बदमाशों के जाने के बाद महिला घर के अंदर पहुंचीं तो उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों ने आनन-फानन में डॉक्टर को बुलाकर उनका इलाज कराया। घटना के करीब 24 घंटे बाद रविवार रात 10 बजे के आसपास जब महिला को होश आया, तो उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजनों ने ठगों द्वारा दिए गए कागज के पैकेट को खोलकर देखा तो उसमें आभूषणों की जगह पत्थर के टुकड़े मिले। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामले की तफ्तीश कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के रास्तों और घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।