हापुड़ में बलिया पुलिस पर हमला, कस्टडी से धोखाधड़ी का आरोपी छुड़ाकर भागे परिजन
हापुड़ में धोखाधड़ी के आरोपी को पकड़ने पहुंची बलिया पुलिस पर हमला हुआ। धक्का-मुक्की के बीच आरोपी कस्टडी से फरार हो गया।
तस्वीर में दिख रहा थाना बाबूगढ़ का मुख्य प्रवेश द्वार और बोर्ड हापुड़ जनपद का है।
हापुड़ जिले में धोखाधड़ी के पुराने मामले में दबिश देने पहुंची बलिया पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव कोटा हरनाथपुर में हुई इस घटना के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर पुलिस की कस्टडी में मौजूद आरोपी कपिल सिंह फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के बांसडीह थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर सूरज पटेल पुलिस टीम के साथ हापुड़ पहुंचे थे। बलिया पुलिस ने स्थानीय बाबूगढ़ पुलिस को साथ लेकर धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कपिल सिंह की गिरफ्तारी के लिए सोमवार रात करीब 11 बजे उसके घर पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी कपिल सिंह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका करीब 50 मीटर तक पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे बढ़ रही थी, तभी उसके पिता हरदम सिंह (हाकम सिंह), सहयोगी ऋतिक (गोलू) और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि इन लोगों ने पुलिस टीम का रास्ता रोक दिया और गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू कर दी गई। इसी दौरान आरोपी कपिल सिंह पुलिस की गिरफ्त से छूटकर भागने में सफल रहा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टीम को दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद बलिया पुलिस के उपनिरीक्षक सूरज पटेल की तहरीर पर थाना बाबूगढ़ में कपिल सिंह, उसके पिता हरदम सिंह, सहयोगी ऋतिक और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता करने और कस्टडी से आरोपी को भगाने समेत कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के मुताबिक, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।