बहादुरगढ़ पुलिस की कार्रवाई: सोशल मीडिया पर समाज के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो डालने वाला आरोपी गिरफ्तार
हापुड़ में सोशल मीडिया पर समाज के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोपी जीशान को बहादुरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया।
तस्वीर में दिख रहे पुलिसकर्मी और गिरफ्तार आरोपी थाना बहादुरगढ़ हापुड़ के बाहर खड़े हैं।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक समाज के खिलाफ विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो पोस्ट करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादुरगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपने ही समाज के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणियां की थीं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने आरोपी को ग्राम शेखपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जीशान पुत्र इस्तकार के रूप में हुई है। वह ग्राम शेरपुर, थाना बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार और उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह शामिल रहे।
हापुड़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, विवादित या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट न करें, जिससे शांति व्यवस्था भंग हो। पुलिस की इस कार्रवाई के साथ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री को लेकर कानूनी कार्रवाई का संदेश भी स्पष्ट किया गया है।