शकरपुर गांव में बारिश से ढहे मकान के मलबे के पास खड़े ग्रामीण।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश आफत बन गई है। भारी बारिश के चलते गढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शकरपुर में एक मकान अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया। मकान गिरने से गांव में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। गनीमत रही कि मकान गिरने की आहट मिलते ही घर के सदस्यों ने समय रहते बाहर की ओर दौड़ लगा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, शकरपुर गांव में शनिवार से ही रुक-रुककर भारी बारिश हो रही थी। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत पूरी तरह सील चुकी थीं। रविवार को अचानक मकान की छत और दीवारें ढहने लगीं। घर के अंदर मौजूद परिजनों को जैसे ही मकान गिरने का अहसास हुआ, उन्होंने बिना समय गंवाए बाहर की ओर दौड़ लगा दी। देखते ही देखते पूरा पक्का मकान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।

मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी सहम गए। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही गढ़ कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मलबा हटाने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मकान के गिरने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Tags: