हापुड़: खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 100 किलो असुरक्षित चीज नष्ट
गढ़मुक्तेश्वर की विशाल डेयरी में अस्वच्छ माहौल पर कार्रवाई, पनीर, मक्खन और घी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए।
तस्वीर में गढ़मुक्तेश्वर की डेयरी में निरीक्षण करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।
हापुड़, उत्तर प्रदेश। जनपद हापुड़ में मिलावटखोरों और अस्वच्छ तरीके से खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार, 26 सितंबर 2026 को कार्रवाई की। जिलाधिकारी महोदया के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्द्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में औचक छापेमारी की। इस दौरान ग्राम सदरपुर स्थित विशाल डेयरी से करीब 100 किलोग्राम असुरक्षित चीज़ नष्ट कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹30,000 बताई गई है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्द्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, सुश्री सहरिश सादात व मोहित कुमार की टीम ने ग्राम सदरपुर, गढ़मुक्तेश्वर स्थित विशाल डेयरी पर औचक छापा मारा। जांच के दौरान डेयरी में बेहद अस्वच्छ और गंदगी भरे माहौल में खाद्य पदार्थों का भंडारण पाया गया।
टीम ने असुरक्षित परिस्थितियों में रखे लगभग 100 किलो चीज़ को मौके पर ही नष्ट कराया। इसके साथ ही लैब जांच के लिए पनीर, मक्खन और चीज़ का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसके बाद सचल दल ने ग्राम कटीरा जाफराबाद, गढ़मुक्तेश्वर स्थित राजकुमार डेयरी पर भी अचानक छापा मारा। यहां से शुद्धता की जांच के लिए घी का एक नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला (Food Analyst Lab) भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित डेयरियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।