तस्वीर में चश्मे और चेकदार शर्ट पहने एक व्यक्ति कार्यालय में बैठे दिख रहे हैं।

हापुड़ में खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत मुफ्त प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए हैं। राजकीय फल संरक्षण केन्द्र, आवास विकास, हापुड़ की ओर से आयोजित इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में फूड प्रोसेसिंग, कुकिंग, बेकरी और उद्यमिता विकास से जुड़े अलग-अलग पाठ्यक्रम शामिल हैं। प्रशिक्षण के लिए प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा।

अगर आप हापुड़ के निवासी हैं और अपनी खुद की फूड प्रोसेसिंग यूनिट या बेकरी शुरू करना चाहते हैं, तो इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से संबंधित क्षेत्र की बुनियादी और व्यावसायिक जानकारी हासिल कर सकते हैं। योजना के तहत 02 दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण जागरूकता प्रशिक्षण हापुड़ जिले की 11 न्याय पंचायतों पर आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक न्याय पंचायत पर 30 प्रशिक्षार्थी होना अनिवार्य है। इसके लिए न्यूनतम उम्र 18 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के माध्यम से फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में स्वरोजगार की बुनियादी जानकारी के साथ सरकारी योजनाओं से जुड़ने का मौका मिलेगा।

इसके अलावा राजकीय फल संरक्षण केन्द्र, आवास विकास, हापुड़ में 01 मासिय कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें युवक और युवतियां दोनों प्रवेश ले सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए कुल 30 सीटें हैं और अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। एक महीने के इस प्रशिक्षण में केक, बिस्किट, बेकरी प्रोडक्ट्स और कुकिंग से जुड़ी प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी।

तीसरा प्रशिक्षण 100 दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण है। यह कोर्स मुख्य रूप से अनुसूचित जाति (SC) व अनुसूचित जनजाति (ST) के युवाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन राजकीय फल संरक्षण केन्द्र परिसर, हापुड़ में होगा। इसमें भी न्यूनतम उम्र 18 वर्ष निर्धारित है। 100 दिनों की इस ट्रेनिंग में फूड प्रोसेसिंग के साथ बिजनेस सेटअप और उद्यमिता विकास (Entrepreneurship Development) से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी।

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को किसी भी खुले कार्य दिवस (Working Day) में राजकीय फल संरक्षण केन्द्र, आवास विकास, हापुड़ के कार्यालय में जाना होगा। वहां प्रभारी से संपर्क कर प्रवेश फॉर्म प्राप्त किया जा सकता है। फॉर्म भरकर तुरंत जमा करना होगा, क्योंकि सीटें सीमित हैं और एडमिशन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर ही मिलेगा। प्रशिक्षण से जुड़ी यह प्रक्रिया राजकीय फल संरक्षण केन्द्र, हापुड़ के प्रभारी की ओर से जारी की गई है।

Tags: