हापुड़ में 50 हजार की पशु दवाइयां लेकर ई-रिक्शा चालक फरार, CCTV से तलाश तेज
हापुड़ में ई-रिक्शा चालक 50 हजार से अधिक की पशु दवाइयों की पांच पेटियां लेकर फरार हो गया। पुलिस CCTV से आरोपी की तलाश में जुटी है।
तस्वीर में हापुड़ में ई-रिक्शा पर सवार संदिग्ध चालक सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है।
हापुड़ के थाना हापुड़ नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े एक ई-रिक्शा चालक दवा एजेंसी के कर्मचारी को चकमा देकर 50 हजार रुपये से अधिक कीमत की पशु दवाओं से भरी पांच पेटियां लेकर फरार हो गया। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटनास्थल व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी ई-रिक्शा चालक और उसके वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
बुलंदशहर के गुलावटी में स्थित ‘बंधु मेडिकल एजेंसी’ पशुओं की दवाओं का कई राज्यों में थोक कारोबार करती है। इसी एजेंसी में कार्यरत कर्मचारी आकाश अग्रवाल, निवासी सर्राफा बाजार, हापुड़, दोपहर करीब 1 बजे हापुड़ के एसएसवी डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से दवाइयों की डिलीवरी लेने पहुंचे थे।
आकाश अग्रवाल ने ट्रांसपोर्ट कंपनी से 50 हजार रुपये से अधिक कीमत की पशु दवाओं की पांच पेटियां एक ई-रिक्शा पर लोड करवाई थीं। इन पेटियों को ट्रांसपोर्ट कंपनी से करीब एक किलोमीटर दूर शहर में ही किसी अन्य स्थान पर उतारना था।
दवाइयां लोड होने के बाद आकाश अग्रवाल ई-रिक्शा से कुछ ही दूरी तक पहुंचे थे कि चालक उन्हें चकमा देकर दवाइयों से लदे ई-रिक्शा सहित फरार हो गया। कर्मचारी ने चालक और ई-रिक्शा की तलाश में काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना पीड़ित कर्मचारी ने तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रूटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ई-रिक्शा के नंबर और चालक के चेहरे की पहचान की जा सके।
पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद दवा कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।