हापुड़ में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है, जिसमें विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर कार और प्लॉट की मांग को लेकर मारपीट, प्रताड़ना और गंभीर आपराधिक कृत्य करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने जेठ पर दुष्कर्म और ससुर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसके अलावा, मायके में घुसकर मारपीट करने, गला दबाकर हत्या का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। यहां रहने वाली युवती का निकाह 5 दिसंबर 2025 को दूसरे मोहल्ले के निवासी उजैफ के साथ हुआ था। पीड़िता के मायके वालों ने अपनी आर्थिक हैसियत के अनुसार शादी में करीब 8 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने कम दहेज लाने को लेकर ताने देने शुरू कर दिए। पति और अन्य ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में एक कार और प्लॉट की मांग करने लगे। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाने लगी।

पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसका ससुर उस पर गलत नजर रखता था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था। जब उसने इस संबंध में अपने पति और सास को बताया तो उन्होंने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसके साथ मारपीट की। विवाहिता ने अपने जेठ पर भी अकेले में जबरदस्ती दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, जब उसने इस घटना की जानकारी पति और अन्य ससुराल वालों को दी तो उन्होंने उसका साथ नहीं दिया और उल्टा कार तथा प्लॉट की मांग पूरी करने का दबाव बनाया।

शिकायत के अनुसार, शादी के करीब दो महीने बाद पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी, ननद और नंदोई ने एकराय होकर विवाहिता के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई थी, जिस पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर विवाहिता को वापस ससुराल भेज दिया गया। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद भी उसका उत्पीड़न जारी रहा।

15 जुलाई 2026 को विवाहिता ने एक बेटे को जन्म दिया। बच्चे के 'छोछक' की रस्म के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने फिर से कार और प्लॉट की मांग दोहराई। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई और उसे वापस मायके भेज दिया गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 12 अक्टूबर को उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके पहुंच गए और वहां उसके तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता के भाई ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इसके बाद 25 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे पति और ससुराल पक्ष के लोग दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों के साथ दोबारा पीड़िता के मायके में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए विवाहिता का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। साथ ही उसे जिंदा जलाने की धमकी भी दी। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे अश्लील फोटो भेजकर बदनाम करने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दे रहे हैं।

लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न से परेशान होकर विवाहिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति उजैफ, सास फात्मा, ससुर जाकिर उर्फ जाहिद, जेठ रिजवान, ननद सोनम और सोफिया समेत कुल आठ नामजद तथा दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Tags: