बाईं ओर हैंडपंप चलाता ग्रामीण और दाईं ओर एटा के अमरोली रतनपुर में बंद पड़ी पानी की टंकी दिख रही है।

एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र स्थित सांसद मुकेश राजपूत के गोद लिए आदर्श गांव अमरोली रतनपुर में पेयजल व्यवस्था बदहाल है। ग्रामीणों को घरों तक पानी पहुंचाने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से बनवाई गई पानी की टंकी पिछले करीब एक वर्ष से बेकार पड़ी है। करीब सात हजार की आबादी वाले गांव में जलापूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हैं, टंकी में लीकेज है और समरसेबिल भी खराब पड़ा है। कई बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

सांसद मुकेश राजपूत के प्रयास से अमरोली रतनपुर में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, वर्ष 2014 में बनी इस टंकी से शुरुआती दिनों में कुछ समय तक घरों में पानी पहुंचा। इससे ग्रामीणों को पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन बाद में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और तकनीकी खामियों के कारण आपूर्ति बंद हो गई। अब टंकी में पानी भरने से लेकर घरों तक पहुंचाने तक की पूरी व्यवस्था लंबे समय से ठप है।

करीब सात हजार की आबादी वाले गांव में पानी की सप्लाई बंद होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई जगह पाइपलाइन उखड़ी हुई है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। टंकी में लीकेज के साथ समरसेबिल खराब होने की समस्या भी बनी हुई है। गांव के नगला क्षेत्र में तो आज तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत सामने आई है।

ग्रामीणों के अनुसार, पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए ग्राम प्रधान और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने योजना के तहत हुए निर्माण कार्यों, पाइपलाइन बिछाने और मरम्मत पर खर्च की गई धनराशि की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि निष्पक्ष जांच होने पर निर्माण और रखरखाव में बरती गई लापरवाही सामने आ सकती है।

ग्रामीण शिवम राजपूत ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले पानी की टंकी का निर्माण हुआ था। शुरुआत में कुछ समय तक पानी की सप्लाई हुई, लेकिन अब पानी नहीं आता। जगह-जगह से पानी टपकता है और पूरी व्यवस्था खराब हो चुकी है। कई बार शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्या पर सुनवाई नहीं हुई।

अजय राजपूत ने बताया कि टंकी से पहली बार पानी की सप्लाई शुरू होने पर ग्रामीणों में खुशी थी। हालांकि, कुछ समय बाद पाइपलाइन खराब हो गई और घरों तक पानी पहुंचना बंद हो गया। इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।

गोविंद राजपूत के अनुसार, सरकार ने गांव में पेयजल व्यवस्था कराई थी, लेकिन अब ग्रामीणों की शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है। अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं है। गांव में जगह-जगह अतिक्रमण होने से भी समस्याएं बनी हुई हैं।

ग्राम प्रतिनिधि ने बताया कि वर्ष 2014 में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। गांव में नालियां भी बनवाई गई थीं, लेकिन कई स्थानों पर नालियां टूट चुकी हैं। नगला क्षेत्र में आज तक पानी नहीं पहुंचा है। उनका आरोप है कि मरम्मत के नाम पर धनराशि खर्च होने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। करीब सात हजार की आबादी वाला गांव अब भी पेयजल संकट से जूझ रहा है।

पानी की टंकी के ऑपरेटर प्रेम सिंह ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से समरसेबिल खराब पड़ा है। गांव में जगह-जगह पानी की पाइपलाइन उखड़ी हुई हैं और टंकी में भी लीकेज की समस्या है। उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। उनके मुताबिक, करीब एक वर्ष से गांव में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है।

ग्राम प्रधान उर्मिला देवी ने बताया कि जलापूर्ति बाधित होने का मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने इस संबंध में जल निगम एटा को लिखित पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया था। जल निगम की ओर से बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान पानी की टंकी की पाइपलाइन टूट गई थी। जगह-जगह सप्लाई पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने पाइपलाइन की मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग से कई बार आग्रह किया, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। गांव में जगह-जगह गड्ढे भी खुदे पड़े हैं।

जल निगम के जेई तनवीर आलम ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से गांव में पानी की सप्लाई नहीं होने की जानकारी मिली है। उन्होंने जल्द ही समस्या का निदान कराने की बात कही।

जल निगम ग्रामीण के एक्सईएन अमन यादव ने बताया कि गांव में जलापूर्ति बाधित होने की जानकारी उन्हें पिछले दो-तीन दिनों से मिली है। जल्द ही मौके पर टीम भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराकर गांव के प्रत्येक स्थान तक पानी पहुंचाने का भरोसा दिया, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

खंड विकास अधिकारी अलीगंज उमाशंकर शाहू ने बताया कि गांव में पानी की सप्लाई बाधित होने का मामला उनके संज्ञान में आया है। पहले उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने जल्द आवश्यक कार्रवाई कराकर जलापूर्ति शुरू कराने की बात कही।

वहीं, सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि आदर्श ग्राम अमरोली रतनपुर में पानी की टंकी से काफी समय से जलापूर्ति नहीं होने का मामला उनके संज्ञान में आया है। वह इस संबंध में उच्च अधिकारियों से बात करेंगे। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि कर्मचारियों की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

करीब एक वर्ष से बंद पड़ी जलापूर्ति के बीच ग्रामीणों को अब विभागीय जांच और मरम्मत के जरिए व्यवस्था बहाल होने का इंतजार है। अधिकारियों और सांसद की ओर से समस्या के समाधान का भरोसा दिए जाने के बाद यह देखना होगा कि गांव के सभी क्षेत्रों तक नियमित पेयजल आपूर्ति कब शुरू हो पाती है।

Tags: