मुगलसराय में अनोखा जन्मदिन: बछिया ‘मुनिया’ के लिए काटा गया केक, फूलों से हुआ स्वागत
चंदौली के मुगलसराय में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक देवीदयाल सिंह के परिवार ने बछिया मुनिया का पहला जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया। तिलक, फूलों की माला, केक कटिंग और पुष्पवर्षा के साथ हुआ यह आयोजन खास रहा।
तस्वीर में चंदौली के मुगलसराय स्थित आवास पर परिवार के सदस्य बेजुबान बछिया 'मुनिया' के पहले जन्मदिन के अवसर पर नजर आ रहे हैं, जहां केक काटने और तिलक लगाने की रस्में निभाई गईं।
चंदौली के मुगलसराय में एक बछिया का पहला जन्मदिन परिवार ने खास अंदाज में मनाया। आमतौर पर जन्मदिन पर इंसानों के लिए केक काटने और बधाइयां देने की परंपरा देखने को मिलती है, लेकिन यहां परिवार ने अपनी बेजुबान सदस्य ‘मुनिया’ के जन्मदिन पर बाकायदा समारोह आयोजित किया। इस दौरान तिलक लगाने से लेकर केक काटने और पुष्पवर्षा करने तक की रस्में निभाई गईं।
मुगलसराय नगर के वार्ड नंबर 12 स्थित चंधासी कुशवाहा बस्ती में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक देवीदयाल सिंह के आवास पर मुनिया के पहले जन्मदिन की तैयारियां की गई थीं। आयोजन के दौरान बछिया को तिलक लगाया गया और फूलों की माला पहनाई गई। इसके बाद मोमबत्तियां जलाकर केक काटा गया और मुनिया पर पुष्पवर्षा की गई।
जन्मदिन समारोह में परिवार के सदस्यों और बच्चों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने मुनिया को फलाहार कराया और उसे दुलार किया। परिवार के लोग जहां आमतौर पर एक-दूसरे के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हैं, वहीं इस अवसर पर सभी ने अपनी बेजुबान सदस्य के साथ खुशियां साझा कीं।
मुनिया के पहले जन्मदिन पर आयोजित इस समारोह में परिवार ने उसे विशेष सम्मान और स्नेह दिया। इंसानों की तरह बछिया का जन्मदिन मनाने का यह आयोजन मुगलसराय में चर्चा का विषय बना।