हापुड़ के बाबूगढ़ थाने में रामनवमी के पावन पर्व पर आयोजित कन्या भोज।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। रामनवमी के पावन पर्व पर हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाने में पुलिस का मानवीय और आध्यात्मिक स्वरूप देखने को मिला। थाना परिसर में ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नवरात्र के नौ दिनों के व्रत के समापन और रामनवमी के अवसर पर आसपास के क्षेत्र की छोटी-छोटी कन्याओं को थाने में आमंत्रित किया गया था। धार्मिक परंपरा के अनुरूप पुलिसकर्मियों ने कन्याओं को नौ देवियों का स्वरूप मानकर उनका आदर-सत्कार किया।

इस दौरान थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने कन्याओं के चरण स्पर्श किए, उनके पैर धोए, तिलक लगाया और आरती उतारी। इसके बाद सभी कन्याओं को पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ सुरुचिपूर्ण भोजन कराया गया। थाने परिसर में आयोजित इस कन्या भोज के दौरान धार्मिक आस्था और सेवा भाव का संगम देखने को मिला।

भोजन के उपरांत थाना प्रभारी ने सभी कन्याओं को उपहार और दक्षिणा भेंट की तथा उनका आशीर्वाद लिया। बाबूगढ़ थाने में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिसकर्मियों की इस पहल को खाकी वर्दी के पीछे छिपे संवेदनशील और संस्कारी चेहरे के रूप में देखा जा रहा है, जो पुलिस और समाज के बीच मानवीय संबंधों का सकारात्मक संदेश देती है।

Tags: