हापुड़ में मृत पत्रकार नसीम अहमद के परिजन शोक व्यक्त करते हुए।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दीपावली के विशेष अंक के लिए विज्ञापन मांगने गए हिंदी दैनिक के 60 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार नसीम अहमद की कथित मारपीट के बाद मौत हो गई। जरौठी रोड स्थित एक आटा मिल पर हुए विवाद के बाद पत्रकार की जान चली गई। घटना से स्थानीय क्षेत्र और पत्रकार जगत में आक्रोश और शोक का माहौल है। पुलिस ने मृतक के दामाद की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

दैनिक जनवाणी अखबार से जुड़े नसीम अहमद आवास विकास कॉलोनी, हापुड़ के निवासी थे। पुलिस और चश्मदीदों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर वह अपने कुछ साथियों के साथ जरौठी रोड स्थित अशोक कुमार गुप्ता की आटा मिल पर पहुंचे थे। वे आगामी दीपावली त्योहार के विशेष अंक के लिए मिल मालिक से विज्ञापन मांगने गए थे।


चश्मदीद सलाउद्दीन के मुताबिक, मिल मालिक ने अखबार को विज्ञापन देने से मना कर दिया। इसके बाद जब नसीम अहमद और उनके साथी वहां से लौटने लगे, तो आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान उन्हें फर्जी पत्रकार कहकर गाली-गलौज की गई। नसीम अहमद ने जब इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि आटा मिल के मालिक अशोक कुमार गुप्ता, उनके बेटे कपिल, नरेश कुमार और उनके साथ मौजूद चार से पांच अज्ञात लोगों ने नसीम अहमद और उनके साथियों पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमलावरों ने नसीम अहमद के सीने और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर लगातार वार किए। मारपीट के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। नसीम अहमद को आनन-फानन में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ के पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक पत्रकार के दामाद डॉ. शाहरुख की शिकायत पर थाना हापुड़ देहात में आटा मिल मालिक अशोक कुमार गुप्ता, उनके बेटे कपिल, नरेश कुमार और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना हापुड़ देहात के प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों सहित दो से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हापुड़ के पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक पत्रकार के शव को देर रात सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

Tags: