तस्वीर में पुलिस अधिकारी दो नकाबपोश अभियुक्तों के साथ हापुड़ पुलिस कार्यालय में मौजूद हैं।

हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने अमन सागर हत्याकांड का खुलासा करते हुए मामले में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई चैन शौकिट लगी स्टील की रॉड भी बरामद की है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त प्रशांत का मृतक अमन सागर, निवासी मोहल्ला आदर्श नगर, के साथ उधार के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते प्रशांत ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमन सागर की हत्या की साजिश रची और योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी।

थाना हापुड़ नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को बदनौली फाटक जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा अपराध संख्या 568/2026 दर्ज किया गया है। अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रशांत पुत्र रमेश चंद्र, निवासी मौहल्ला जसरूपनगर, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ और पंकज पुत्र मुनेश, निवासी मौहल्ला जसरूपनगर, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त प्रशांत का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना हापुड़ नगर में गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा मु०अ०सं० 495/2025 पहले से दर्ज है।

अमन सागर हत्याकांड के खुलासे और दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना हापुड़ नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार, निरीक्षक चिदानन्द प्रकाश, उप-निरीक्षक कपिल शर्मा, दिलीप कुमार, नरेन्द्र कसाना, कांस्टेबल आकाश बाबू और अजय कुशवाहा शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में हत्या के कारण और इस्तेमाल किए गए हथियार से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है।

Tags: