तस्वीर में नगर पालिका की टीम द्वारा हापुड़ के मुख्य मार्ग पर क्रेन की मदद से अवैध होर्डिंग्स और बैनर हटाए जा रहे हैं।   

हापुड़ शहर में अवैध होर्डिंग्स, यूनिपोल, बैनर और पोस्टर के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी (DM) कविता मीना के सख्त निर्देशों के बाद पालिका की टीम ने शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों से 50 से अधिक अवैध बोर्ड और बैनर हटाकर जब्त किए।

प्रशासन को पिछले काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि शहर की सड़कों के किनारे, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति के अवैध होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए DM कविता मीना ने नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

निर्देश मिलने के बाद कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने शहर के मुख्य बाजारों, प्रमुख चौराहों और भारी भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 50 से अधिक अवैध होर्डिंग, यूनिपोल, बैनर और पोस्टर हटाए गए।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पालिका की टीम ने कार्रवाई जारी रखी। अभियान के तहत हटाए गए सभी अवैध बोर्डों को जब्त कर लिया गया।

नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के दोबारा होर्डिंग, बैनर या पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संबंधित व्यक्ति, दुकानदार या संस्था के खिलाफ कानूनी मुकदमा दर्ज करने के साथ नियम तोड़ने वालों से भारी मात्रा में जुर्माना वसूला जाएगा।

नगर पालिका प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध विज्ञापनों के खिलाफ अभियान अभी थमने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।