गंगापुर नगरपालिका वार्ड आरक्षण के बाद सियासी घमासान, दावेदारों के बदले समीकरण
गंगापुर नगरपालिका वार्ड आरक्षण लॉटरी के बाद सियासी हलचल तेज, कांग्रेस में अध्यक्ष पद के कई दावेदार और टिकट को लेकर बढ़ी सक्रियता।
गंगापुर में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए जिला स्तर पर वार्ड आरक्षण लॉटरी निकाली गई, जिससे विभिन्न वार्डों के समीकरण और संभावित दावेदारों की स्थिति स्पष्ट हुई।
गंगापुर नगरपालिका में जिला स्तर पर सोमवार को निकाली गई वार्ड आरक्षण लॉटरी के बाद आगामी चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। आरक्षण का गणित सामने आते ही संभावित दावेदारों के बीच हलचल तेज हो गई। कई दावेदारों का वार्ड आरक्षण मनमाफिक नहीं आने से उनके चुनावी अरमानों पर पानी फिर गया, वहीं अनुकूल समीकरण वाले दावेदारों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।
वार्ड आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही संभावित दावेदारों ने अपने-अपने राजनीतिक आकाओं की मिजाजपुरसी शुरू कर दी है। टिकट की दौड़ में शामिल दावेदार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क साधने के साथ अपने राजनीतिक समीकरण मजबूत करने में जुट गए हैं।
गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष पद को लेकर सबसे ज्यादा सियासी घमासान कांग्रेस खेमे में दिखाई दे रहा है। कांग्रेस में करीब आधा दर्जन नाम पालिकाध्यक्ष की कुर्सी की दौड़ में बताए जा रहे हैं। वहीं भाजपा की ओर से फिलहाल कोई ऐसा सशक्त नाम खुलकर सामने नहीं आया है, जिसे अध्यक्ष पद का प्रमुख दावेदार माना जा सके। हालांकि आने वाले दिनों में दोनों दलों में टिकट को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।
आरक्षण लॉटरी के बाद विभिन्न वार्डों में संभावित दावेदारों के रूप में कई नाम चर्चा में आए हैं। वार्ड नं. 1 में सज्जन देवी बैरवा, वार्ड नं. 2 में मोनिका गहलोत, वार्ड नं. 4 में गजेंद्र गहलोत और वार्ड नं. 5 में धर्मेंद्र गहलोत का नाम सामने आया है। वार्ड नं. 6 में रानी त्रिपाठी, पुष्प राज प्रजापत, रेखा उपाध्याय, दया सैनी, सुरेश माली और नंदकिशोर माली संभावित दावेदारों में हैं।
वार्ड नं. 7 में महेश तेली, मोतीलाल गहलोत और जगदीश स्वर्णकार, वार्ड नं. 8 में कृष्ण गोपाल जीनगर और प्रेमदेवी फुलवारिया, वार्ड नं. 9 में खुशबू त्रिवेदी, राधा देवी लड्ढा और लता दाधीच के नाम चर्चा में हैं। वार्ड नं. 10 में पुष्पेंद्र सिंह चौहान, बनवारी माली और धर्मेंद्र गोयल, जबकि वार्ड नं. 11 में किरण अग्रवाल, किरण पिछोलिया, सुनीता लोसर, बिंदु देवी सोनी और दीपिका सोनी संभावित दावेदार बताए जा रहे हैं।
वार्ड नं. 12 में फतेह लाल लोहार, प्रभुलाल माली और लखन माली, वार्ड नं. 13 में प्रीति काकाणी, नीलम बंसल और हेमा व्यास के नाम सामने आए हैं। वार्ड नं. 14 में मीरा सेन, मनीष ओझा, रजनीश अग्रवाल, शंकर सुखवाल, प्रकाश शर्मा और चेतन शर्मा दावेदारी की चर्चा में हैं। वार्ड नं. 15 में शिवलाल जीनगर, धर्मीचंद जीनगर और भवानी शंकर जीनगर के नाम सामने आए हैं।
वार्ड नं. 16 में भोलाराम माली और रेखा माली, वार्ड नं. 17 में चमन सोनी और फारुख रंगरेज, वार्ड नं. 18 में कंचन देवी जाट, कांता देवी सोनी और मुकेश पूरी गोस्वामी की पत्नी का नाम चर्चा में है। वार्ड नं. 19 में रेणु वैष्णव, दुर्गा देवी सोनी और राजकुमार सेन की पत्नी, जबकि वार्ड नं. 20 में धीरज चंदेल, प्रकाश चंदेल और मुकेश चंदेल संभावित दावेदारों में बताए जा रहे हैं।
वार्ड नं. 21 में अणछी देवी खटीक, वार्ड नं. 22 में सुरेश सिंघवी, राजकुमार समदानी और मनीष तिवारी, वार्ड नं. 23 में रेखा चंदेल, रानी त्रिपाठी, रेखा हिरण और शांता देवी खटीक के नाम सामने आए हैं। वार्ड नं. 24 में किशन रैगर, अरुण हरिजन और संदीप हरिजन, जबकि वार्ड नं. 25 में राधा देवी बंशीलाल रैगर और रामदेव रैगर की पत्नी के नाम उभरकर सामने आए हैं।
वार्ड आरक्षण की लॉटरी के बाद संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आने से अब राजनीतिक दलों के भीतर टिकट को लेकर असली घमासान शुरू होने के आसार हैं। कौन दावेदार किस पार्टी से टिकट हासिल करने में कामयाब होता है और किसका राजनीतिक गणित बिगड़ता है, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा।
फिलहाल गंगापुर की सियासत में आरक्षण की लॉटरी ने कई चेहरों की किस्मत खोल दी है तो कई दावेदारों के चुनावी अरमानों पर पानी फेर दिया है। अब नजरें टिकट वितरण और पालिकाध्यक्ष पद के लिए बनने वाले राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हैं।