तस्वीर में एटा के जैथरा अस्पताल परिसर में पुलिस और लोगों की भीड़ खड़ी दिख रही है।

जनपद एटा के जैथरा में मंगलवार सुबह छत तोड़ने के दौरान अचानक लेंटर का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 28 वर्षीय मजदूर रामकुमार पुत्र मेघ सिंह की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजन जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां रामकुमार की मौत की जानकारी मिलते ही चीख-पुकार मच गई।

रामकुमार जैथरा थाना क्षेत्र के नगला बिजू गांव के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार, वह मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मजदूरी करने नगला सुमित गांव में पंकज राठौर पुत्र शिवकुमार सिंह के यहां गए थे। सुबह करीब नौ बजे रामकुमार छत का लेंटर तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया और वह मलबे के नीचे दब गए।

हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी कोशिशों के बाद रामकुमार को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जैथरा थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया।

मृतक के पिता मेघ सिंह ने बताया कि उनका बेटा सुबह मजदूरी करने नगला सुमित गया था। छत तोड़ते समय अचानक लेंटर गिरने से वह मलबे में दब गया और उसकी जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा गया है।

Tags: