अस्पताल में सिर पर पट्टी बंधे बुजुर्ग और बिस्तर पर लेटी घायल लड़कियां एटा जमीन विवाद मामले में दिख रही हैं।

एटा जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के नगला तारा गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने गड़ासे से हमला कर एक ही परिवार के चार सदस्यों को घायल कर दिया। घायलों में 60 वर्षीय बुजुर्ग पिता, उनकी पुत्रवधू और दो बेटियां शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने दूसरे पक्ष के पांच नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी है।

घायलों की पहचान नगला तारा निवासी आसाराम पुत्र अंतराम (60 वर्ष), उनकी पुत्रवधू क्रांति पत्नी धर्मेंद्र (38 वर्ष), काजल पुत्री आसाराम (18 वर्ष) और आरजू पुत्री धर्मेंद्र (8 वर्ष) के रूप में हुई है।

पीड़ित आसाराम के अनुसार, दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी मामले में शिकायत करने के लिए वह सुबह थाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही कोई कार्रवाई की गई।

आसाराम का आरोप है कि थाने से वापस गांव पहुंचने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनकी बेटियों काजल और आरजू के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद वह परिवार के घायल सदस्यों को लेकर दोबारा थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित का कहना है कि इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने फिर से मारपीट की।

इस मामले में पीड़ित पक्ष ने होतीलाल पुत्र अंतराम, चंचल पुत्र होतीलाल, सनी पुत्र होतीलाल, सुमन पत्नी होतीलाल समेत दो अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। जमीन के विवाद में हुई इस घटना के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों के घायल होने का मामला पुलिस तक पहुंचा है।

मामले में अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल हुए लोगों का चिकित्सीय परीक्षण करवाया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त होते ही अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags: