हापुड़ के गढ़ रोड पर बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर जमा हुए स्थानीय लोग।  

हापुड़ के गढ़ रोड पर तेज रफ्तार बस की टक्कर ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। दयाल रीजेंसी के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक पर पीछे बैठे 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके मामा गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, थाना हापुड़ क्षेत्र के ततारपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र शिवचरण सोमवार को अपने 22 वर्षीय भांजे नवदीप पुत्र नवराज, निवासी छावनी के साथ बाइक से हापुड़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गढ़ रोड पर दयाल रीजेंसी के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बस संख्या UP22T5707 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मामा-भांजे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे नवदीप को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक चला रहे धर्मेंद्र भी घायल हो गए।

पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

दूसरी ओर, पुलिस ने मृतक नवदीप के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। 22 वर्षीय नवदीप की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। दुर्घटना के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तेज रफ्तार बस की टक्कर में एक युवक की जान जाने और उसके मामा के घायल होने से क्षेत्र में हादसे को लेकर चर्चा है।

Tags: