प्राचीन चौपड़ा तालाब का शुरू हुआ सौंदर्यीकरण, बिछाए जाएंगे लाल पत्थर
| गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया, एरच के मड़िया घाट की तर्ज पर ऐतिहासिक धरोहर को नया स्वरूप देने के लिए पुराने पत्थर हटाए जा रहे हैं।
गरौठा के प्राचीन चौपड़ा तालाब में पुराने पत्थर हटाकर लाल पत्थर बिछाने के कार्य का निरीक्षण करते विधायक।
नगर की ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले प्राचीन चौपड़ा तालाब को नया और आकर्षक स्वरूप देने की कवायद शुरू हो गई है। तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य के तहत अब यहां पहले से लगे पुराने पत्थरों को हटाकर उनकी जगह लाल पत्थर बिछाए जाएंगे। निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति और निर्माण व्यवस्था का जायजा लिया।
विधायक जवाहरलाल राजपूत ने बताया कि प्राचीन चौपड़ा तालाब को सुसज्जित कर आकर्षक और सुंदर स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से यहां लाल पत्थर लगाए जा रहे हैं। इसके लिए तालाब में पहले से लगे पत्थरों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। पुराने पत्थरों को हटाने के बाद उनके स्थान पर लाल पत्थर बिछाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चौपड़ा तालाब को एरच के मड़िया घाट की तर्ज पर सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस सौंदर्यीकरण से तालाब की सुंदरता बढ़ने के साथ ही नगर की इस ऐतिहासिक धरोहर को नया स्वरूप मिलेगा।
निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मुकेश राजपूत, संतोष कुशवाहा, नागिरी शरण, उदयभान, साकेत राजपूत और महेंद्र राजपूत पुजारी मौजूद रहे।