तस्वीर में विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के मंच पर विजेता और शिक्षिकाएं खड़ी हैं।

चंदौली। डीडीयू नगर स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में छात्राओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को मंच देने के उद्देश्य से मिस फ्रेशर प्रतियोगिता आयोजित की गई। बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की 45 छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता पांच चरणों में आयोजित हुई, जिनमें परिचय, कैटवॉक, हावी, विषय प्रस्तुति और प्रश्नोत्तर शामिल रहे। अलग-अलग चरणों में प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागियों की संख्या कम होती गई और अंतिम चरण में 10 छात्राएं पहुंचीं। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मुस्कान राय को मिस फ्रेशर चुना गया। रिया यादव ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि बीए प्रथम सेमेस्टर की वंशिका श्रीवास्तव तीसरे स्थान पर रहीं।

विजेता छात्राओं को सीनियर छात्राओं ने क्राउन पहनाकर सम्मानित किया। व्यवस्थापिका डॉ. स्मृति श्रीवास्तव और प्राचार्या डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने विजेताओं को मां सरस्वती की प्रतिमा और बैच प्रदान किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध समिति के सदस्य आकाश यादव, व्यवस्थापिका, प्राचार्या और विभागाध्यक्ष गायत्री सिंह ने मां सरस्वती एवं स्व. विक्रम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

Tags: