तस्वीर में दिख रहा है कि एक युवक लंबी हरी घास के बीच लेटा हुआ है।

चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना छित्तमपुर रेलवे लाइन क्रॉसिंग के समीप हुई, जिसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर रेलवे चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की रेलवे चौकी अंतर्गत छित्तमपुर ब्लॉक हट बी पोखरे के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

सूचना मिलने पर रेलवे चौकी प्रभारी शिवपूजन बिंद अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है तथा स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया जा रहा है।

रेलवे पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा।