तस्वीर में चंदौली पुलिस अधिकारियों के साथ पकड़े गए आरोपी और बरामद सोना दिख रहा है।

चंदौली में बिहार से दिल्ली जा रही लग्जरी कार से 2 किलो 565.720 ग्राम सोना बरामद किया गया है। चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम की संयुक्त कार्रवाई में KIA Carens कार से बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से सफेद रंग की KIA Carens कार में अवैध सोना लेकर दो लोग दिल्ली जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध कार दिखाई दी। टीम ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस और स्वाट टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को पकड़ लिया।

कार की तलाशी के दौरान गियर बॉक्स के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स का पता चला। इसमें कपड़े और टेप से लपेटकर सोने की दो सिल्लियां छिपाकर रखी गई थीं। आरोपियों से सोने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुबेर मुबारक शेख, निवासी महाराष्ट्र और मनीष कुमार, निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने कार के साथ पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

मौके पर आयकर विभाग एवं राजस्व आसूचना विभाग की मौजूदगी में बरामद सोने की जांच और वजन कराया गया। प्रारंभिक जांच में सोना विदेशी निर्मित बताया गया है। बरामद माल को नियमानुसार संबंधित विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स में करोड़ों रुपये का सोना छिपाकर ले जाने का खुलासा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुआ। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद संबंधित विभागों द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

Tags: