6.320 किलो अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार, बरेली में ANTF और भमोरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
बरेली के भमोरा में ANTF और पुलिस की संयुक्त टीम ने 6 किलो 320 ग्राम अवैध अफीम के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया। मोटरसाइकिल बरामद कर मुकदमा दर्ज किया गया, पुलिस कथित नेटवर्क की जांच कर रही है।
तस्वीर में बाएं तरफ एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा और दाएं तरफ थाना भमोरा के प्रशासनिक भवन के बाहर पकड़े गए आरोपी के साथ खड़ी पुलिस टीम दिखाई दे रही है।
बरेली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF यूनिट बरेली और थाना भमोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को 6 किलो 320 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात करीब 8:33 बजे इफको फैक्ट्री के मटेरियल गेट से पूर्व दिशा में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने विशाल पुत्र राजपाल सिंह निवासी ग्राम सिसौना, थाना विशारतगंज, जनपद बरेली को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6 किलो 320 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UP25CF7896 को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने एक साथी के साथ अफीम बेचने का काम करता है। उसके अनुसार, उसका साथी बरेली रेलवे स्टेशन पर झारखंड से आने वाले एक व्यक्ति से अफीम खरीदकर लाता था। इसके बाद दोनों उसे अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस आरोपी के इस कथित बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, ANTF यूनिट बरेली के उपनिरीक्षक विकास यादव मय टीम और कांस्टेबल चैतन्य प्रकाश शामिल रहे। मामले में पुलिस की ओर से बाइट अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिणी की है।