गढ़मुक्तेश्वर में गढ़ गंगा मेला-2026 के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर DIG कलानिधि नैथानी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।  

गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेला-2026 एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की आस्था और विशाल जनसमूह के बीच सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। दीपावली के बाद शुरू हुए इस महाआयोजन में श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान किया। मेले के सफल संचालन और भारी भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने पर मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) कलानिधि नैथानी ने पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सहयोगी एजेंसियों की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार जताया।

मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर DIG कलानिधि नैथानी लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने पांच से अधिक बार स्वयं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पिछले वर्ष की तुलना में इस बार इंतजामों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। जनपदीय पुलिस ने इन निर्देशों का पूरी दक्षता से पालन किया। DIG ने हापुड़ के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय और टीम भावना से संभव हो सका।

इस वर्ष गढ़ गंगा मेले में सुरक्षा और आवागमन की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं की गईं। पहली बार गढ़ गंगा मेले को अमरोहा के तिगरी मेले से जोड़ने के लिए पीपा पुल का निर्माण कराया गया। हापुड़ और अमरोहा पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के चलते पुल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया गया। इससे श्रद्धालुओं को दोनों मेलों में पहुंचने की सुविधा मिली। इसके साथ ही मुरादाबाद रेंज, गाजियाबाद तथा दिल्ली-नोएडा की यातायात पुलिस के साथ भी बेहतर तालमेल स्थापित किया गया।

मेले की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया। पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखने के लिए इंटरनेट आधारित आईपी (IP) कैमरों और ड्रोन की मदद ली गई। वहीं, अफवाहों और अराजक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एडवांस्ड सॉफ्टवेयर के माध्यम से सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की गई।

गंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी नावों पर लाइफ जैकेट की उपलब्धता अनिवार्य की गई थी। रात के समय भी सुरक्षा व्यवस्था में विशेष सतर्कता बरती गई। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मेला क्षेत्र में भ्रमणशील रहे, ताकि किसी भी समस्या की जानकारी मिलते ही उसका त्वरित समाधान किया जा सके।

DIG कलानिधि नैथानी ने मेले के सफल आयोजन का श्रेय पुलिस और सुरक्षा से जुड़ी सभी इकाइयों के समन्वित प्रयासों को दिया। उन्होंने सिविल पुलिस, सशस्त्र पुलिस, पीएसी (PAC), एलआईयू (LIU), मेला सेल, होमगार्ड, पीआरडी, ग्राम प्रहरी और घुड़सवार पुलिस की भूमिका की सराहना की। इसके अलावा NDRF, SDRF, ATS, जल पुलिस, फायर सर्विस, यातायात पुलिस, वायरलेस विभाग और बाढ़ राहत कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया बंधुओं, मेला समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन का शांतिपूर्ण समापन पुलिस, प्रशासन और विभिन्न सहयोगी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम रहा।

Tags: