तस्वीर में प्रधानमंत्री आवास योजना की इमारत की ऊपरी मंजिल से धुआं निकलता दिख रहा है.

हापुड़ जिले में दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार में प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के भवनों में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेज होने के कारण इलाके में चीख-पुकार की स्थिति बन गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में एक बच्ची और एक युवक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि आग बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी। आग तेजी से फैलने और धुआं बढ़ने के कारण ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले कई परिवार अंदर फंस गए। इसी दौरान आग की भयावहता और बढ़ते धुएं को देखते हुए अपनी जान बचाने के लिए एक 16 वर्षीय किशोर ने ऊपरी मंजिल के फ्लैट से नीचे छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने से वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने और भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दमकल विभाग की 2 टीमें और 5 गाड़ियां लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से भी राहत और बचाव कार्य जारी है।

आग लगने के कारण का फिलहाल पूरी तरह पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर आग को शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल प्राथमिकता आग पर नियंत्रण पाने और ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।

Tags: