उदयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: भोमट में गांजा खेती के खिलाफ विशेष अभियान शुरू
| उदयपुर पुलिस और गुजरात पुलिस ने भोमट क्षेत्र में अवैध गांजा खेती के खिलाफ 'गांजा मुक्त भोमट' विशेष अभियान शुरू किया है। ड्रोन और सैटेलाइट सर्वे से 1,187 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है।
कोटडा पंचायत भवन में आयोजित उच्च स्तरीय अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक में शामिल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी.
उदयपुर जिले के दुर्गम व पहाड़ी आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों वृत्त कोटडा एवं झाड़ोल में अवैध गांजे की खेती, उत्पादन और परिवहन को जड़ से समाप्त करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन द्वारा विशेष अभियान गांजा मुक्त भोमट शुरू किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज, उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष त्रिनेत्र अभियान की पालना में यह निर्णायक पहल की गई है। इस अभियान के तहत पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक एनडीपीएस एक्ट के 07 प्रकरण दर्ज कर कुल 1,187 किलो 490 ग्राम अवैध गांजा व गांजे की फसल जब्त की है।
इस विशेष अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए श्री मुकुल शर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय, उदयपुर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक का आयोजन पंचायत भवन, कोटडा में किया गया। बैठक में उदयपुर जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों कोटडा, माण्डवा, पानरवा, बेकरिया, झाड़ोल, ओगणा और फलासिया के अधिकारियों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य गुजरात के बनासकांठा जिले के पुलिस अधिकारी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एनसीबी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एएनटीएफ, प्रशासन, राजस्व और वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों राज्यों के सीमावर्ती और भोमट क्षेत्र को अवैध गांजे की खेती व तस्करी से पूरी तरह मुक्त करना है।
अभियान एवं समन्वय बैठक के तहत लिए गए प्रमुख निर्णयों के अनुसार दुर्गम पहाड़ी, जंगल और सुनसान इलाकों में छिपी खेती का पता लगाने के लिए ड्रोन और सैटेलाइट इमेजरी से संपूर्ण इलाके का सर्वे करवाया जाएगा। अवैध खेती के हॉटस्पॉट चिन्हित कर वन व राजस्व विभाग के सहयोग से फसलों का विनष्टीकरण किया जाएगा तथा राजस्थान काश्तकारी अधिनियम 1955 की धारा 177 के तहत जमीन से बेदखली की कार्रवाई होगी। दोनों जिलों के बीच अवैध खेती व तस्करी में लिप्त व्यक्तियों की सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। गांजे के परिवहन में प्रयुक्त होने वाले मुख्य व वैकल्पिक मार्गों पर प्रभावी नाकाबंदी, संयुक्त पुलिस गश्त और आकस्मिक दबिश दी जाएगी। केवल खेती करने वालों तक सीमित न रहकर सप्लायर से लेकर अंतिम खरीदार तक के पूरे नेटवर्क फॉरवर्ड एंड बैकवर्ड लिंकेज को ध्वस्त किया जाएगा। पूर्व के मामलों में आरोपियों के वित्तीय लेन-देन की जांच कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत उनकी अवैध संपत्ति जब्त करने के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। सीमावर्ती गांवों में सीएलजी मीटिंग, जनप्रतिनिधियों, ग्राम रक्षकों, सुरक्षा सखियों और स्कूल-कॉलेजों के माध्यम से नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, गांजे की खेती अपराध है के नारे के साथ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों को बताया जाएगा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजे की खेती या तस्करी करने पर 10 वर्ष या उससे अधिक का कठोर कारावास और 2 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना माण्डवा क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कुल 07 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1,175 किलो 640 ग्राम अवैध गांजे की फसल हरे पौधे तथा 11 किलो 850 ग्राम सूखा गांजा कुल 1,187 किलो 490 ग्राम गांजा व गांजे की फसल जब्त किया गया है। दर्ज प्रकरणों के विवरण के अनुसार प्रकरण संख्या 92/2026 में 194.800 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त, प्रकरण संख्या 96/2026 में 242.240 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त, प्रकरण संख्या 97/2026 में 59.330 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त, प्रकरण संख्या 98/2026 में 432.180 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त, प्रकरण संख्या 99/2026 में 104.790 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त, प्रकरण संख्या 101/2026 दिनांक 17.11.2026 में 11.850 किलोग्राम सूखा गांजा एवं 36.440 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त, तथा प्रकरण संख्या 102/2026 दिनांक 17.11.2026 में 105.860 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने संदेश दिया है कि उदयपुर पुलिस भोमट क्षेत्र को पूरी तरह गांजा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी करने वालों के खिलाफ अंतर्राज्यीय समन्वय और आधुनिक तकनीक की मदद से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं युवाओं व आमजन को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही आमजन से अपील है कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी भी व्यक्ति को अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण या तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे नंबर 8764527201 पर बेझिझक सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस बैठक में उदयपुर से श्री मुकुल शर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय उदयपुर, श्री संजीव कुमार शर्मा एसडीएम, कोटडा, श्री डूंगर सिंह चुण्डावत वृत्ताधिकारी, कोटडा, श्री विवेक सिंह राव वृत्ताधिकारी, झाड़ोल, श्री अर्जुनराम तहसीलदार, श्री प्रकाशचन्द्र अहारी रेंजर, वन विभाग माण्डवा सहित सीमावर्ती थानों के थानाधिकारी श्री मूंगलाराम माण्डवा, श्री वेलाराम फलासिया, श्री प्रभुलाल मीणा कोटडा, श्री सबीर खान पानरवा, श्री रामावतार मीणा बेकरिया व आसूचना अधिकारी उपस्थित रहे। गुजरात के बनासकांठा जिले से डॉ. कुलदीप कुमार नायक पुलिस उपाधीक्षक, खेड़ब्रह्मा, श्री ए.एम. वाघेला पीआई, एसओजी बनासकांठा और श्री के.बी. खांट पीआई, खेराज थाना शामिल हुए। इसके अलावा एनसीबी के निरीक्षक श्री राजेन्द्र सिंह व श्री मिलन अग्रवाल तथा एएनटीएफ के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।