महीडा पंचायत के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच रागिनी डामोर और ग्रामीण नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत महीडा में पहली बार पंचायत का गठन हुआ। बुधवार को नवनिर्वाचित सरपंच रागिनी डामोर ने पंचायत मुख्यालय पर आयोजित समारोह में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपसरपंच एवं सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

पदभार ग्रहण समारोह की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद सरपंच रागिनी डामोर, उपसरपंच और सभी वार्ड पंचों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में साकर चंद लबाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व सरपंच जगदीश डामोर, सूरजमल मीणा एवं कन्हैयालाल लबाना विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गौतमलाल पटेल ने की।

समारोह में भाजपा कार्यकर्ता दिनेश कुमार मीणा, महेंद्र पटेल, दिनेश पटेल, दीपक पटेल, नाथूलाल पटेल, रूपलाल पटेल, सुनील पटेल, नरेश पटेल, युगल पंचाल एवं कुणाल व्यास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच रागिनी डामोर ने ग्राम पंचायत के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी के सहयोग से महीडा को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

नवगठित ग्राम पंचायत में पहली बार निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण के साथ पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर नई जिम्मेदारियों की शुरुआत हुई।

Tags: