खेरवाड़ा गोदावरी धाम शिव मंदिर का 15वां शिलापूजन संपन्न
| माकड़ा देव धाम के महंत गुलाब दास जी के सान्निध्य में 15 कुंडीय महायज्ञ और लघुरुद्र पूजन का आयोजन किया गया।
खेरवाड़ा में गोदावरी धाम शिव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवंबर को मंदिर जीर्णोद्धार से संबंधित 15वां शिलापूजन माकड़ा देव धाम के महंत परम पूज्य ब्रह्मचारी श्री श्री गुरुजी गुलाब दास जी महाराज के आशीर्वाद और सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर 15 कुंडीय महायज्ञ और हवनात्मक लघुरुद्र पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें यजमानों ने विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं।
गोदावरी मंदिर विकास समिति के मीडिया प्रभारी हसमुख पानेरी ने बताया कि महंत श्री गुलाब दास जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि भारतीय संस्कृति मंदिरों और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के माध्यम से ही जीवित है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक कार्यों की शुरुआत इष्ट आराधना से करनी चाहिए, ताकि हमारी धार्मिक परंपराएं और संस्कार आने वाली पीढ़ियों तक जागृत रह सकें। उन्होंने मंदिर जीर्णोद्धार की चल रही प्रक्रिया को देखते हुए इसके शीघ्र पूर्ण होने की आशा भी व्यक्त की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मंदिर विकास समिति की ओर से संत श्री का शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद संत श्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यजमानों का भी संत श्री द्वारा माला, उपरना, पगड़ी और रुद्राक्ष माला धारण करवाकर अभिनंदन किया गया।
समिति अध्यक्ष भरत कलाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संत श्री एवं सभी यजमानों का शब्द-सुमनों से स्वागत किया। उन्होंने मंदिर जीर्णोद्धार के प्रति सभी यजमानों के समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए समिति सचिव शंकर लाल पंचाल ने मंदिर जीर्णोद्धार से जुड़ी अब तक की संपूर्ण गतिविधियों की जानकारी दी।
इसके पश्चात आचार्य प्रभाशंकर त्रिवेदी एवं गणेशलाल व्यास ने भूदेवों और यजमानों को पूजन की विधि एवं आवश्यक निर्देश देते हुए धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ करवाया। इस दौरान हवनात्मक लघुरुद्र पूजन संपन्न हुआ। 15 कुंडीय महायज्ञ में सभी यजमानों ने आहुतियां अर्पित कर धर्मलाभ लिया।
इस अवसर पर कलाल समाज की महिला मंडल कटेवड़ी, पलसिया, महुदरा एवं डबायचा की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन महिला मंडलों के अष्टमी व्रत उद्यापन के निमित्त किया गया। कार्यक्रम में टेंट व्यवस्था हैप्पी टेंट छाणी के राजू भाई तथा शीतल जल सेवा खेरवाड़ा के आरो वाटर के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई।
संत श्री के सान्निध्य में इस शुभ अवसर पर संकल्पित पूर्ण राशि जमा करवाने वाले यजमानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सपरिवार सम्मानित किया गया। वहीं समिति के सह-कोषाध्यक्ष नरेंद्र व्यास ने मंदिर विकास समिति का अब तक का संपूर्ण आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया।
15वें शिलापूजन एवं धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंदिर पुजारी हंसगिरी महाराज, संरक्षक प्रकाश कलाल, समिति अध्यक्ष भरत कलाल, सचिव शंकर लाल पंचाल, सह-सचिव हरीश पानेरी, कोषाध्यक्ष बदामीलाल सुधार, सह-कोषाध्यक्ष नरेंद्र व्यास, अर्जुन पंचाल, नंदकिशोर त्रिवेदी, पन्नालाल कलाल, कैलाश टेलर, मनोज कलाल, दिलीप कलाल, मुकेश कलाल, नरेश अग्रवाल, गणेश कलाल, विजय व्यास, किशोर जोशी सहित समिति के सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में समिति संरक्षक प्रकाश कलाल ने आयोजन में उपस्थित सभी सनातन धर्म प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। धार्मिक अनुष्ठान, यजमानों के सम्मान और सामूहिक सहयोग के साथ गोदावरी धाम शिवालय के जीर्णोद्धार से जुड़ा 15वां शिलापूजन संपन्न हुआ।