तस्वीर में उदयपुर के बेड़वास स्थित शीतल कंप्यूटर सेंटर में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार प्राप्त करने वाले युवा और मौजूद अतिथि नजर आ रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को बेड़वास, उदयपुर स्थित शीतल कंप्यूटर सेंटर में युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हैंड इन हैंड इंडिया द्वारा वाइल्ड गैंजेन फाउंडेशन के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में उद्यम विकास प्रबंधक अमर सिंह राठौड़ ने युवाओं को डिजिटल कौशल, करियर के अवसर, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई-कॉमर्स और आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग करते हुए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान युवाओं के साथ संवाद एवं मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किया गया। युवाओं ने डिजिटल क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को लेकर अपने सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल स्किल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें युवाओं ने लोगो डिजाइन, प्रमोशनल पोस्टर तथा एआई आधारित प्रमोशनल वीडियो निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में डिजिटल कौशल, रचनात्मकता, उद्यमशील सोच तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। आयोजकों ने युवाओं को बदलते डिजिटल परिवेश के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिंक कौशल केंद्र से हुकम सिंह एवं रजनीश गोस्वामी, शीतल कंप्यूटर सेंटर से जूली कुमारी मैडम एवं भैरू सिंह रावल सहित अन्य सहयोगियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को डिजिटल कौशल विकसित करने, रचनात्मकता को आगे बढ़ाने तथा रोजगार और स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों की दिशा में जागरूक किया गया।

Tags: