खेरवाड़ा के नयागांव में अवैध शराब व तंबाकू बिक्री पर पाटिया पुलिस ने दो अलग मामले दर्ज किए।

खेरवाड़ा उपखंड के नयागांव क्षेत्र में पाटिया थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो प्रकरण दर्ज किए हैं। थाना अधिकारी रमेश चंद्र मीणा के निर्देशन में की गई इन कार्रवाइयों में एक व्यक्ति को 5 लीटर हथकड़ शराब का परिवहन करते पकड़ा गया, जबकि विद्यालय के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई में हेड कांस्टेबल बदा राम ने झांझरी क्षेत्र में दबिश देकर झाला पिता हरजी खराड़ी (46) निवासी गरेला फला, झांझरी को अवैध रूप से हथकड़ शराब का परिवहन करते पकड़ा। उसके कब्जे से 5 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक मनीष मीणा ने गुड़ा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास की। यहां विद्यालय से 100 मीटर की परिधि में संचालित एक किराना दुकान पर तंबाकू उत्पाद, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य धूम्रपान सामग्री बेची जा रही थी। इस पर पुलिस ने दुकानदार मावजी पिता हीराजी गमेती (66) निवासी आड़ाघर, देमत के खिलाफ राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध अधिनियम 2000 के तहत प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।

Tags: