खेरवाड़ा पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान 9 माह का प्रशिक्षण पूरा कर मार्च-पास्ट करते राजस्थान पुलिस के नवदीक्षित आरक्षक।   

राजस्थान पुलिस को 431 नव आरक्षक मिले। खेरवाड़ा स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) में शुक्रवार को बैच संख्या 55/26 के प्रशिक्षित जवानों की दीक्षांत परेड का आयोजन हुआ। उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व सलूंबर जिले के परेड कमांडर राय सिंह ने किया। लगभग नौ माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी 431 नव आरक्षकों ने राजस्थान पुलिस में सेवा की शपथ ग्रहण की।

प्रशिक्षु जवानों ने अनुशासन और उत्साह के साथ आकर्षक मार्च-पास्ट किया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक दक्षता, शस्त्र संचालन, कानून और व्यावहारिक कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद नव आरक्षक अब राजस्थान पुलिस में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हुए।

प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों और प्रशिक्षण स्टाफ को समारोह में सम्मानित किया गया। ऑल राउंडर श्रेणी में डूंगरपुर के रिक्रूट कांस्टेबल विवेककुश गोस्वामी ने पहला स्थान प्राप्त किया। इंडोर प्रशिक्षण में राजसमंद के हेमंत आशीवाल, फायरिंग में राजसमंद के नरेंद्र जाट, आउटडोर में बांसवाड़ा के निलेश गारसिया और ड्रिल में राजसमंद के राहुल चौधरी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

प्रशिक्षण में योगदान देने वाले इंडोर प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें पीटीएस खेरवाड़ा के पुलिस निरीक्षक राजेश पंचाल, बांसवाड़ा के पुलिस निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, प्रतापगढ़ के उप निरीक्षक भंवरलाल, कांस्टेबल चुन्नीलाल, श्रीमती रेशमी पट्टीदार और नागेंद्र सिंह शामिल रहे।

आउटडोर प्रशिक्षकों में प्लाटून कमांडर सुखलाल, हेड कांस्टेबल भंवर सिंह, हेड कांस्टेबल वासुदेव, हेड कांस्टेबल सुभाष चंद्र, कांस्टेबल हितेश कुमार और सुरेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गौरव श्रीवास्तव ने नवदीक्षित जवानों को राष्ट्र सेवा, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने आमजन के प्रति मधुर व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्दी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विश्वास का प्रतीक है। पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।

दीक्षांत समारोह में पीटीएस कमांडेंट माधुरी वर्मा, पुलिस उप अधीक्षक विजय कुमार और रविंद्र सिंह सहित पुलिस स्टाफ, प्रशिक्षकगण, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा नव आरक्षकों के परिजन उपस्थित रहे। नौ माह के प्रशिक्षण के बाद 431 जवानों का पुलिस सेवा में प्रवेश समारोह का प्रमुख पड़ाव रहा।

Tags: