खेरवाड़ा क्षेत्र के थाना स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में चल रहे पवित्र पर्युषण पर्व के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने उत्तम आर्जव धर्म की आराधना भक्ति भाव से की। इस अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भगवान जिनेंद्र देव की पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं शांतिधारा कर धर्म लाभ लिया।

मुनि श्री एवं विद्वानों ने उत्तम आर्जव धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह धर्म मनुष्य को सरलता, सच्चाई एवं कपट रहित जीवन जीने का संदेश देता है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाजजनों को जीवन में छल-कपट और मायाचार का त्याग कर सच्चाई एवं सदाचार अपनाने की प्रेरणा दी गई।

पर्युषण पर्व के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन रात्रि में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें भक्तिमय भजन संध्या एवं जिनवाणी का गुणगान, बच्चों एवं युवाओं के लिए धार्मिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, धार्मिक अंत्याक्षरी एवं ज्ञानवर्धक खेल तथा धार्मिक विषयों पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को समाज की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाता है। इससे बच्चों में धर्म के प्रति रुचि बढ़ रही है। पर्युषण पर्व के तीसरे दिन आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला मंडल एवं युवा मंडल उपस्थित रहे।

Tags: