पलाना कलां में सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण का निर्माण जारी, नोटिस के बाद भी नहीं रुकी नींव की खुदाई

ग्राम पंचायत पलाना कलां के हनुमान मंदिर के पास सार्वजनिक आबादी भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि नोटिस और अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Update: 2026-07-28 06:05 GMT

ग्राम पंचायत पलाना कलां के हनुमान मंदिर के पास सार्वजनिक आबादी भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में कार्रवाई अब तक ठप पड़ी है। शिकायतकर्ता महेन्द्र जाट का आरोप है कि विकास अधिकारी के निर्देश और ग्राम पंचायत की ओर से सार्वजनिक नोटिस जारी किए जाने के बावजूद मौके पर निर्माण कार्य नहीं रुका है तथा नींव की खुदाई लगातार जारी है।

महेन्द्र जाट का कहना है कि ग्राम पंचायत ने अवैध निर्माण रोकने और कार्रवाई करने के लिए नोटिस तो जारी किया, लेकिन अब तक न तो निर्माण कार्य रुकवाया गया और न ही अतिक्रमण हटाने की कोई कार्रवाई की गई। उनका आरोप है कि इससे संबंधित लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं और सार्वजनिक भूमि पर कब्जा लगातार जारी है।

गौरतलब है कि शिकायत मिलने के बाद विकास अधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद ग्राम पंचायत ने भी सार्वजनिक सूचना जारी कर निर्माण कार्य बंद करने तथा उल्लंघन की स्थिति में अवैध निर्माण ध्वस्त करने और कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी थी।

इसके बावजूद शिकायतकर्ता का कहना है कि मौके पर निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक आबादी भूमि को अतिक्रमण से तत्काल मुक्त कराया जाए और जारी निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए।

इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी प्रकाश पालीवाल का कहना है कि नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

Tags:    

Similar News