मेवाड़ जन शक्ति दल की वार्षिक बैठक में नई कार्यकारिणी का विस्तार, कई पदों पर नियुक्तियां
मेवाड़ जन शक्ति दल की वार्षिक बैठक उदयपुर में संपन्न हुई, जिसमें राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन की आगामी योजनाओं और सेवा कार्यों पर चर्चा हुई।
तस्वीर में मेवाड़ जन शक्ति दल की बैठक के दौरान बायीं से दायीं ओर क्रमशः पदाधिकारी और कार्यकर्ता उदयपुर में नजर आ रहे हैं।
उदयपुर, 2 अगस्त 2026। सामाजिक सरोकारों, राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से कार्यरत मेवाड़ जन शक्ति दल की वार्षिक बैठक रविवार को उदयपुर में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की पिछले वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से विस्तार किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संभाग महामंत्री नंदलाल जोशी ने किया। बैठक की शुरुआत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल पालीवाल ने विगत वर्ष के सेवा कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से एक्सीलेंस अवॉर्ड समारोह, करियर काउंसलिंग सेमिनार, वृहद वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरण सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा के कार्य किए गए।
राष्ट्रीय महामंत्री अतुल शर्मा ने संगठन की कार्यसंरचना और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेवाड़ जन शक्ति दल का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और जागरूकता की भावना पहुंचाना है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आपसी भाईचारे, समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
संगठन के संरक्षक गिरिश जोशी ने भविष्य की कार्ययोजना को लेकर अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। संरक्षक निर्मल पंडित ने संगठन द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। वहीं संरक्षक राजीव पंड्या ने नवनियुक्त कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन की निरंतर प्रगति की कामना की।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कौशिक ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि संगठन और समाजहित से जुड़े प्रत्येक कार्य में वे पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जब भी संगठन को किसी भी प्रकार की आवश्यकता होगी, वे सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े रहेंगे।
बैठक के दौरान मेवाड़ जन शक्ति दल संस्थापक नरेश कुमार शर्मा ने 2016 कार्यकारिणी का विस्तार किया। इसमें हरि ओम पालीवाल को प्रदेश संयोजक, कृष्ण कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष, रवी शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष, परमवीर सिंह राव को प्रदेश सचिव, चिराग धूप्या को प्रदेश उपाध्यक्ष, देवेन्द्र बॉयल को संभाग मंत्री, आकाश डीप को जिलाध्यक्ष, चेतन्य भट्ट को जिला सांस्कृतिक मंत्री, हेमंत अठवाल को जिला व्यायाम शाला प्रमुख, चित्रण सेन को जिला सचिव, भूपेश शर्मा को जिला उपाध्यक्ष, चंदप्रकाश जोशी को जिला मीडिया प्रभारी, विठ्ठल को जिला संगठन मंत्री, चिरायु जोशी को युवा प्रदेश अध्यक्ष, रुद्रेश दवे को युवा प्रदेश महासचिव, मनीष शर्मा को युवा प्रदेश महामंत्री, चिराग व्यास को उपाध्यक्ष, नितिन मेहता को सचिव, हरीश शर्मा को देहात जिला अध्यक्ष, नरेश गोस्वामी को देहात महामंत्री और दुर्गेश नागदा को जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर अतुल चौबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, स्वच्छता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रहित के कार्यों को और गति देने का सामूहिक संकल्प लिया।
मेवाड़ जन शक्ति दल ने बैठक के माध्यम से यह संदेश दिया कि संगठन केवल पदों का विस्तार नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का मंच है। बैठक का समापन नवनियुक्त पदाधिकारियों के अभिनंदन और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।