खेरवाड़ा के नयागांव में विमल जैन के बाड़े में मिले साही को वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।

खेरवाड़ा। उपखंड मुख्यालय नयागांव में वर्षों बाद दुर्लभ वन्यजीव साही (Porcupine) दिखाई देने से ग्रामीणों में कौतूहल फैल गया। विमल जैन के मकान के पीछे स्थित बाड़े में साही नजर आने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग उसे देखने के लिए एकत्र हो गए।

नयागांव निवासी जितेंद्र जैन ने वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना क्षेत्र वन अधिकारी मोहम्मद फजले रब्बी को दी। उनके निर्देशन में वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वनपाल बहादुर सिंह के नेतृत्व में वन रक्षक रूप लाल, कांतिलाल, राजू एवं हरीश सहित अन्य कार्मिकों ने साही का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद वन्यजीव को समीपवर्ती छानी के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

उल्लेखनीय है कि साही एक शाकाहारी जंगली स्तनधारी जीव है। इसके शरीर पर काले-सफेद रंग के नुकीले कांटे होते हैं। खतरा महसूस होने पर यह अपनी सुरक्षा के लिए कांटों को खड़ा कर लेता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह का वन्यजीव वर्षों बाद गांव में दिखाई दिया है। लंबे समय बाद साही की मौजूदगी सामने आने से लोगों में इसे करीब से देखने और इसके बारे में जानने को लेकर काफी जिज्ञासा रही। वन विभाग के कार्मिकों की तत्परता से साही का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास जंगल में पहुंचाया गया।

Tags: