खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की चार पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव पंचायत समितियों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला तय हुआ है, जबकि कल्याणपुर पंचायत समिति में कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के प्रत्याशी आमने-सामने हैं।

नयागांव पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव पर विशेष नजर है। यहां खेरवाड़ा विधायक डॉ. दयाराम परमार के भाई पन्नालाल परमार ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। उनके सामने भाजपा के प्रवीण कुमार डामोर चुनाव मैदान में हैं।

ऋषभदेव पंचायत समिति में कांग्रेस की ओर से शारदा देवी और भाजपा की ओर से मनीषा कुमारी मीणा ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। वहीं, खेरवाड़ा पंचायत समिति में भाजपा के अनिल डोडा और कांग्रेस के सुंदर अहारी के बीच मुकाबला होगा।

कल्याणपुर पंचायत समिति में कांग्रेस ने त्रिपुरा कटारा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भारत आदिवासी पार्टी की ओर से शकुंतला ने नामांकन दाखिल किया है। इस तरह यहां प्रधान पद के लिए कांग्रेस और BAP के बीच सीधा मुकाबला होगा।

प्रधान पद के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होते ही मतगणना शुरू होगी और इसके तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

चारों पंचायत समितियों में प्रत्याशियों के बीच मुकाबला तय होने के बाद अब सभी की निगाहें मतदान और मतगणना पर टिकी हैं। इसके बाद स्पष्ट होगा कि खेरवाड़ा, ऋषभदेव, नयागांव और कल्याणपुर में किस प्रत्याशी को प्रधान पद की जिम्मेदारी मिलेगी।

Tags: