खेरवाड़ा उपखंड के समीप स्थित गांव कटेवड़ी के जय अंबे मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, नवचंडी पाठ, मां की आरती और डांडिया रास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में भव्य रोशनी और सजावट के बीच ग्रामीणों की भागीदारी से नवरात्रि महोत्सव की रौनक बढ़ गई है।

मंदिर प्रवक्ता हसमुख पानेरी के अनुसार, नवरात्रि में घट स्थापना के साथ प्रतिदिन आचार्य भोगीलाल व्यास द्वारा गणपति पूजन और समस्त देवी-देवताओं का आह्वान यजमानों के माध्यम से किया जा रहा है। मंदिर की पुजारी जसु देवी पानेरी सुबह मां की आरती और पूजा-अर्चना करती हैं। इसके साथ ही पुजारी और गांव की बालिकाएं मां की मूर्ति को विशेष प्रकार के फूलों के हारों से सजाती हैं। सुबह की पूजा के बाद आचार्य द्वारा नवचंडी पाठ का आयोजन किया जाता है।

शाम को मंदिर प्रवक्ता हसमुख पानेरी द्वारा मंदिर परिसर में मां की आरती के लिए प्रतिदिन बोलियां लगाई जाती हैं। श्रद्धालु इन बोलियों के माध्यम से मां की आरती का लाभ लेते हैं। आरती के बाद डीजे की धुन पर डांडिया रास कार्यक्रम आयोजित होता है, जिसमें गांव के छोटे-छोटे बालक-बालिकाएं, महिला मंडल और जय अंबे नवयुवक मंडल के सदस्य उत्साह के साथ भाग लेते हैं।

नवरात्रि महोत्सव में खेरवाड़ा के समाजसेवी और धर्मप्रेमी बजरंग अग्रवाल ने परिवार सहित मंदिर पहुंचकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि बजरंग अग्रवाल पिछले लगभग तीन वर्षों से माताजी मंदिर में प्रत्येक शनिवार को आयोजित हनुमान चालीसा पाठ में भाग ले रहे हैं।

महोत्सव के आयोजन में सभी ग्रामवासियों और नवयुवक मंडल का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। मंदिर परिसर और पांडाल में की गई भव्य रोशनी तथा सजावट से आयोजन की शोभा बढ़ गई है। पूजा-पाठ, आरती और डांडिया रास के माध्यम से जय अंबे मंदिर कटेवड़ी में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

Tags: