न्यायालय परिसर में गाली-गलौच और मारपीट, न्यायिक कार्य में बाधा का मामला दर्ज
खेरवाड़ा न्यायालय परिसर में गाली-गलौच, मारपीट और धमकी का मामला दर्ज, न्यायिक कार्य में बाधा के आरोपों की पुलिस जांच जारी है।
खेरवाड़ा न्यायालय परिसर में गाली-गलौच, धक्का-मुक्की, मारपीट, जान से मारने की धमकी और न्यायिक कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में खेरवाड़ा थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, महुवाल, तहसील नयागांव निवासी विशाल पुत्र शांतीलाल परमार की रिपोर्ट पर खांडी ओबरी, फला रोजड़ी, तहसील खेरवाड़ा निवासी अंबालाल पुत्र देवा डामोर मीणा तथा उसकी पत्नी ममता के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ममता अचानक आक्रोशित होकर न्यायालय परिसर में गवाह राधा तथा अधिवक्ता विवेक कंसारा के साथ गाली-गलौच करने लगी। आरोप है कि वह हमले की नीयत से उनके पास आई और धक्का-मुक्की करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान न्यायिक कार्य में भी व्यवधान उत्पन्न होने का उल्लेख रिपोर्ट में किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, मारपीट के दौरान पेट, सीने, गले सहित अन्य स्थानों पर बाहरी एवं अंदरूनी चोटें भी आईं। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रकरण थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के निर्देशन में दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक किशोर कुमार द्वारा की जा रही है। न्यायालय परिसर में हुई इस घटना को लेकर दर्ज प्रकरण में पुलिस अब आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।