खैरवाड़ा के हाविला तालाब में बकरियां एवं भैंस चराने के दौरान पैर फिसलने से तालाब में गिरे 64 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने रात में आसपास तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव का पता नहीं चल सका। सुबह तालाब में शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार खांडी ओबरी उपला फला निवासी राहुलदेव मीणा ने रिपोर्ट दी कि उनके काका नाना मीणा (64) निवासी खांडी ओबरी 17 अगस्त को दिन में करीब 11 बजे घर से बकरियां एवं भैंस चराने के लिए हाविला तालाब की ओर गए थे। बकरियां चराते समय पैर फिसलने से वे तालाब में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

नाना मीणा के शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रात में आसपास तलाश की। अंधेरा होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिजन सुबह पुनः तालाब की ओर गए, जहां तालाब में शव तैरता हुआ मिला।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर मोर्चरी में रखवाया। परिजनों ने मृत्यु को लेकर किसी प्रकार का शक या संदेह नहीं जताया है।

थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा ने बताया कि मामले में धारा के तहत मर्ग दर्ज किया गया है। दर्ज मर्ग के आधार पर जांच सहायक उप निरीक्षक दिग्विजय सिंह द्वारा की जा रही है।

Tags: